-अभी तक सीएचसी, जिला अस्पताल में ही थी आयुष्मान कार्ड से इलाज की सुविधा
- जिले के 49 निजी अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से होता है इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। शासन की ओर से गरीबों तक अच्छी स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना चलाई जा रही है। ऐसे में अब योजना का लाभ अतिरिक्त पीएचसी पर दिया जाएगा। अभी तक यह सुविधा ब्लॉक स्तर पर केवल सीएचसी में ही उपलब्ध थी।
आयुष्मान योजना से अभी तक 30 बेड वाली सीएचसी को ही जोड़ा जाता था। मगर अब इसमें बदलाव करते हुए चार बेड वाली पीएचसी और अतिरिक्त पीएचसी को भी आयुष्मान योजना से जोड़ा जाएगा। जिले में 48 अतिरिक्त पीएचसी हैं। जो आयुष्मान योजना से जोड़ी जाएंगी। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थी का एक साल में पांच लाख रुपये तक का इलाज निशुल्क होता है। जिला अस्पताल, सीएचसी और निजी अस्पतालों में ही इस योजना का लाभ दिया जाता था। इसके अलावा जिले में 49 अस्पताल आयुष्मान कार्ड से इलाज करते हैं। मगर अतिरिक्त पीएचसी पर भी आयुष्मान कार्ड धारकों का इलाज किया जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त पीएचसी पर सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं। जिससे मरीजों के इलाज में कोई दिक्कत न हो।
आयुष्मान कार्ड बनाने में दूसरे स्थान पर रहा बिजनौर-
आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी ने बताया कि पिछले डेढ़ माह में सरकार ने टॉप 30 जिलो की सूची जारी की है। इस सूची में बिजनौर प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा है। जिले में अब तक करीब ढाई लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
शासन स्तर से अतिरिक्त पीएचसी को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने का पत्र भेजा गया है। जिले की सभी अतिरिक्त पीएचसी पर अब आयुष्मान कार्ड से इलाज हो सकेगा।....डॉ. राजेंद्र कुमार विश्वकर्मा, नोडल अधिकारी, आयुष्मान भारत योजना