बिजनौर। रोडवेज बसों के संचालन में लापरवाही बरतने वाले चालक, परिचालकों पर कार्रवाई की जा रही है। दिसंबर माह में कार्य में रुचि नहीं लेने पर 15 कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। सर्दियों के दिनों में कुछ बसों की आय घट गई है। इसके अलावा कम यात्री लेकर बसों का रूट पर संचालित होने के मामले सामने आ रहे हैं। इससे परिवहन निगम को राजस्व की हानि हो रही है। कम दूरी पर बसों में तेल खर्च भी ज्यादा आया। ऐसी रोडवेज बसों के चालक, परिचालकों की रोजाना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। दिसंबर माह में ऐसी ही लापरवाही बरतने पर 15 चालक, परिचालकों को नोटिस जारी किए गए। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि इन चालक, परिचालकों की काउंसलिंग हो रही है ताकि कमियों को दूर किया जा सके। पर्याप्त संख्या में यात्री बैठाकर ही बसों के संचालन के निर्देश दिए गए हैं।