कालागढ़ (बिजनौर)। हेड़िया बस्ती में बिजली गिरने की गर्जना से चार दिन के नवजात की मौत हो गई। बुधवार को क्षेत्र में हुई तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने का प्रभाव एक परिवार पर कहर बनकर टूटा।
सोनू कुमार के परिवार में चार दिन का नवजात शिशु था। बिजली गिरने की गर्जना से शिशु इतना घबरा गया कि उसकी मृत्यु हो गई। सोनू कुमार ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का पेट पालता है। बुधवार को उसका पुत्र बिजली गिरने की आवाज को बर्दाश्त नहीं कर सका। पीड़ित के घर आसपास की महिलाओं का तांता लगा हुआ है। करुणा समाज सेवा संस्था के पदाधिकारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि मामला पता चलते ही वह मौके पर पहुंचे। सोनू कुमार की आर्थिक स्थिति सही नहीं है। इसलिए बिजनौर प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि परिवार को आर्थिक मदद दी जाए।
नई बस्ती में बारिश के बाद जलभराव हो गया है। जिसकी वजह से बस्ती के निकट जीवों का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्र में हुई तेज बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव हो गया है। नई बस्ती में तो खेल का मैदान पूरी तरह से तालाब में तब्दील हो गया है। नई बस्ती का आबादी में जाने वाला रास्ता खतरे से भर गया है। तालाब में मगरमच्छ पहले ही दिखाई दे चुका है। सूखासोत की ओर से कार्बेट टाइगर रिजर्व के बाघ जैसे हिंसक जीव भी यहां आ रहे हैं। रात्रि में बाघ के दहाड़ने की आवाजें सुनी गईं।