- केंद्र व्यवस्थापकों व कक्ष निरीक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
- विद्यार्थियों को ओएमआर शीट भरने का अभ्यास कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा इस बार ओएमआर शीट तथा उत्तर पुस्तिका दोनों पर होगी। परीक्षा में ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया कक्षा नौ तथा हाईस्कूल की अर्द्धवार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षा से अलग है। यदि विद्यार्थियों ने ओएमआर शीट में सवालों के जवाब भरने में सतर्कता नहीं बरती तो नंबरों में बड़ा नुकसान हो सकता है। जिसके लिए ओएमआर शीट को लेकर केंद्र व्यवस्थापकों व कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यूपी बोर्ड वर्ष 2023 की हाईस्कूल परीक्षा की प्रक्रिया में इस बार बदलाव है। अभी तक परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका में बहुविकल्पीय प्रश्नों के जवाब लिखते थे। इस बार बहुविकल्पीय सवालों के जवाब ओएमआर शीट पर देने हैं। ओएमआर शीट पर प्रश्न की संख्या के सामने गोले बने होंगे। सवाल के सही जवाब के नंबर वाला गोला काला या नीला भरना है। डीआईओएस कार्यालय के बोर्ड परीक्षा सहप्रभारी अनंशु माहेश्वरी के अनुसार ओएमआर शीट में नीचे की ओर प्रतिपर्ण भाग अर्थात काउंटर फोइल भी होगी। परीक्षार्थियों को काउंटर फोइल भी भरनी है। काउंटर फोइल भरने में सतर्कता बरतनी जरूरी है।
डीआईओएस रामाज्ञा कुमार ने विद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वे विद्यार्थियों को ओएमआर शीट के गोले भरने के साथ ओएमआर शीट के साथ संलग्न काउंटर फोइल भरने का अभ्यास कराएं। बोर्ड परीक्षा प्रभारी बुद्ध सिंह के अनुसार सभी 390 विद्यालयों को ओएमआर शीट का प्रारुप एवं ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया की डिटेल भेज दी गई है। बहुविकल्पीय सवाल 20 नंबर के आएंगे। जिनके जवाब ओएमआर शीट में भरने है।
ऐसे भरी जाएंगी ओएमआर शीट व काउंटर फोइल
बोर्ड परीक्षा सहप्रभारी अनंशु माहेश्वरी के अनुसार ओएमआर शीट पर सवाल के नंबर के सामने जवाब के लिए गोले बने होंगे। सवाल के सही जवाब वाला गोला डार्क करना है। गोला काले या नीले बाल पैन से पूरा भरना है। ओएमआर शीट के साथ संलग्न काउंटर फोइल पर सवाल के जवाब में भरे जाने वाले गोले का नंबर लिखना है। उदाहरण के लिए यदि सवाल नंबर एक का सही जवाब में डी के गोले को भरा गया है। तो परीक्षार्थी को काउंटर फोइल पर प्रश्न एक गोला डी लिखना है। इसी तरह सभी बहुविकल्पीय सवालों के जवाब लिखने हैं।