नींदडू। दुबई में भवन निर्माण का काम करते समय नींदडू के राजमिस्त्री 50 वर्षीय अब्दुल सलाम की हादसे में मौत हो गई। हादसा क्रेन से फिसले सीमेंट के भारी ब्लॉक के सिर पर आ गिरने से हुई। मोहल्ला कुरैशियान निवासी 50 वर्षीय अब्दुल सलाम पुत्र अब्दुल आठ साल से दुबई में रहकर राजमिस्त्री का कार्य करते थे। सोमवार कोएक बहुमंजिली इमारत पर निर्माण कार्य चल रहा था। क्रेन की सहायता से सीमेंट से निर्मित भारी ब्लॉक जमीन से उठाकर दसवीं मंजिल पर ले जाया जा रहा था। नीचे कई राजमिस्त्री और मजदूर खड़े थे। इसी दौरान क्रेन से ब्लॉक फिसलकर नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में आकर अब्दुल सलाम की मौत हो गई। अब्दुल सलाम के चार बच्चे हैं। बड़ा बेटा आशू सउदी अरब में मजदूरी करता है। परिजनों ने अब उनके शव घर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।