जलालाबाद/नजीबाबाद। ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के बाद दो एक्सप्रेस ट्रेन आधा घंटा विलंब से रवाना हुई। जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार की रात्रि शहीद एक्सप्रेस ट्रेन डाउन दिशा से 9:57 बजे जलालाबाद क्षेत्र में फाटक संख्या 485 ए से गुजरी। उसी दौरान जलालाबाद पुलिस चौकी के निकट रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। व्यक्ति की गर्दन धड़ से अलग हो गई। ट्रेन के पायलट ने स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी अमित कुमार के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटवाया। इस दौरान आधे घंटे तक शहीद एक्सप्रेस और जनता एक्सप्रेस ट्रेनों रोके रखा। रेलवे ट्रैक क्लियर होने पर दोनों ट्रेनों को रवाना किया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की आयु 30 से 32 वर्ष है। उसकी जेब से 500 रुपये के अलावा कोई आईडी नहीं मिली है। मृतक ने काले रंग की शर्ट और सफेद रंग के जूते पहन रखे थे। पहचान नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर ले जाया गया है।