बहन के प्रेमी के हत्यारोपी नाजिम को नहीं मिली जमानत
बिजनौर। जिला एवं सत्र न्यायधीश एमपी सिंह ने ऑनरकिलिंग के मामले में नाजिम उर्फ नजीबुदौला की जमानत याचिका निरस्त कर दी है। नाजिम पर अपनी बहन के प्रेमी की हत्या का आरोप है।
गांव कोटकादर निवासी इकबाल का पुत्र जीशान गांव मनसा के शकील उर्फ डॉलर की पुत्री सुल्ताना से प्रेम करता था। इस बात को लेकर शकील उर्फ डॉलर का पुत्र नाजिम उर्फ नजीबुदौला जीशान से रंजीश रखता था। चार जून 2022 को रात्रि नौ बजे नाजिम जीशान को अपने साथ घर से ले गया। जीशान को अफसार व शाबिर ढूंढने निकले तो लोगों से पता चला कि जीशान व नाजिम नई बस्ती कोलिया पुलिया की तरफ गए हैं। जब ये दोनों कोलिया पुलिया के पास पहुंचे तो जीशान के चिल्लाने की आवाज आई। ये उसे बचाने वहां गए तो इन्होंने देखा नाजिम उर्फ नजीबुदौला ने धारदार हथियार से जीशान का गला रेतकर गंदे नाले में फेंक दिया और मौके से भाग गया। जीशान को जब निकाला गया तो वह मर चुका था। इस मामले में पुलिस ने नाजिम उर्फ नजीबुदौला की निशानदेही पर चाकू, मोबाइल फोन और कपड़ों की बरामदगी की थी। कोर्ट ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए नाजिम उर्फ नजीबुदौला की जमानत याचिका निरस्त कर दी है।