आजादी से पहले मिला नजीबाबाद को पहला चेयरमैन
एजाज अहमद
नजीबाबाद। आजादी के अमृत महोत्सव की याद नगरपालिका परिषद नजीबाबाद से जुड़ी है। आजादी की जंग के दौर में नगरपालिका परिषद नजीबाबाद को पहला चेयरमैन मिला था। मुंशी अब्दुल हमीद वर्ष 1946 में पहले चेयरमैन बने थे। उनका कार्यकाल 19 मई वर्ष 1946 से एक मई वर्ष 1948 तक रहा।
अब्दुल हमीद के बाद नगरपालिका परिषद नजीबाबाद को चार कार्यवाहक, चार प्रशासक और 16 चेयरमैन मिले। नगरपालिका परिषद नजीबाबाद का कार्यालय शुरूआती दौर से नवाब नजीबुद्दौला के महल सराय के मुख्यद्वार के सामने भवन में चलता आ रहा है। नवाबों की इमारतों में नगर के कई कार्यालय, स्कूल आदि चले। उन्हीं में से एक नगरपालिका परिषद भवन रहा। लंबे दौर तक पुराने भवन से नजीबाबाद नगरपालिका परिषद कार्यालय चलने के बाद वर्ष 2015 में नगरपालिका परिषद नजीबाबाद को अपना आलीशान भवन मिला। छह करोड़ रुपये की लागत से नगरपालिका परिषद नजीबाबाद का आलीशान भवन पुराने भवन के स्थान पर बनाया गया है। मीटिंग हॉल सहित समस्त सुविधाओं से सुसज्जित पालिका भवन जिले की नगरपालिकाओं में अपना प्रमुख स्थान रखता है।
नगरपालिका परिषद नजीबाबाद के 75 वर्ष से अधिक का इतिहास गवाह है कि परिषद के मुखिया के रूप में आने वाले अध्यक्षों ने नगर के बहुमुखी विकास को गति दी। मो. अख्तर खां एक मात्र ऐसे चेयरमैन रहे हैं। जिन्होंने चार बार नगरपालिका परिषद नजीबाबाद के अध्यक्ष पद पर कार्य किया। अख्तर खां 23 मार्च वर्ष 1966 से 24 मार्च वर्ष 1967 तक, छह नंवबर वर्ष 1968 से 29 अप्रैल वर्ष 1971 तक, 28 नवंबर वर्ष 1988 से 28 नवंबर वर्ष 1991 तक और 24 अप्रैल वर्ष 1993 से 18 दिसंबर वर्ष 1993 तक चेयरमैन रहे। तसलीम अहमद एक दिसंबर वर्ष 2000 से 30 नवंबर वर्ष 2005 तक और 18 नवंबर वर्ष 2006 से 16 दिसंबर वर्ष 2011 तक चेयरमैन रहे। चार बार चेयरमैन रहे मो.अख्तर खां के परिवार से ही मो.मौअज्जम खां 17 जुलाई वर्ष 2012 से 16 जुलाई वर्ष 2017 तक चेयरमैन रहे। वर्तमान में पूर्व चेयरमैन मो.मौअज्जम खां की पत्नी सबिया निशात का चेयरपर्सन के रूप में कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है।
ये भी रहे नगरपालिका परिषद चेयरमैन
नजीबाबाद। नगरपालिका परिषद नजीबाबाद के लिए वाहिद हसन खां, मो.दाऊद, अब्दुल रहमान, जगदीश प्रसाद, जब्बार हुसैन, राजेंद्र कुमार रंधर, नरेश चंद अग्रवाल, नईमा यासमीन चेयरमैन रहीं। उधर नगरपालिका परिषद के लिए हरगोविंद लाल 14 मई वर्ष 1948 से 26 जून वर्ष 1948 तक, हरगोविंद लाल ही 31 अक्तूबर वर्ष 1949 से 26 जून वर्ष 1950 तक, जगदीश प्रसाद सराफ 15 मार्च वर्ष 1956 से 16 जून वर्ष 1956 तक और शरीफ अहमद 27 जनवरी वर्ष 1992 से 16 मार्च वर्ष 1993 तक कार्यवाहक चेयरमैन रहे। इनके अतिरिक्त दो बार एसडीएम और दो बार ईओ प्रशासक के रूप में नगरपालिका परिषद की जिम्मेदारी संक्षिप्त कार्यकाल के रूप में निभा चुके हैं।