- बुंदकी मार्ग धंसा, रावलहेड़ी फाटक के निकट अनियंत्रित हो रहे वाहन
नजीबाबाद। नजीबाबाद-बुंदकी-नगीना मार्ग कई जगहों से धंस गया है। रावलहेड़ी फाटक से नगीना दिशा में धंसे हुए मार्ग पर चार पहिया वाहनों के पलटने का भय बना रहता है। पेराई सत्र के दौरान गन्ने से लदे वाहन धंसे मार्ग से बचने के लिए सड़क की दूसरी दिशा में पहुंच जाते हैं।
गांव रावलहेड़ी फाटक से नगीना की ओर नजीबाबाद-बुंदकी मार्ग कई जगहों से धंस गया है। आलम यह है कि सड़क का सिरा दूसरे सिरे से ऊंचा हो गया है। धंसे हुए मार्ग पर अचानक वाहनों के पहुंचने से कई बार चार पहिया वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं।
गन्ना पेराई सत्र में मार्ग पर आवागमन में राहगीरों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। गन्ना वाहन चालक वाहनों को धंसे हुए मार्ग से बचाते हुए कई बार सड़क की दूसरी दिशा में पहुंच जाते हैं। जिस कारण दूसरी दिशा से आने वाले वाहनों को जगह नहीं मिल पाती। किसानों ने कई बार लोनिवि के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन किसानों को सिर्फ आश्वासन ही मिला।
.........................................
मार्ग पर धंस गई है पुलिया
नजीबाबाद। रावलहेड़ी फाटक से नगीना दिशा में 150 मीटर दूर मार्ग की एक पुलिया धंस गई है। यह पुलिया पिछले डेढ़ महीने में चार बार धंस चुकी है। कांवड़ यात्रा के दौरान लोनिवि ने आनन-फानन में टूटी हुई पुलिया में मिट्टी भर दी थी। बारिश होने पर मिट्टी बह गई और पुलिया फिर से धंस गई।
..
रावलहेड़ी फाटक से नगीना दिशा में एक पुलिया टूटी है। बरसात के बाद पुलिया को ठीक कराया जाएगा। ओवरलोड गन्ना वाहनों के कारण नजीबाबाद-बुंदकी-नगीना मार्ग के कई जगहों से धंसने की जानकारी मिली है।
- एमएस पांडेय, एई, लोनिवि।