नजीबाबाद, नजीबाबाद। एसडीएम ने चालक द्वारा खनन वाहनों से अवैध वसूली की जांच नायब तहसीलदार को सौंपी है। आरोपी चालक को संग्रह विभाग से संबद्ध किया गया है।
एसडीएम संजय कुमार बंसल ने चालक राधेश्याम का खनन वाहनों से अवैध वसूली का ऑडियो वायरल होने के प्रकरण की जांच नायब तहसीलदार सार्थक चावला को दी है। दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने को कहा गया है। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि आरोपी चालक संग्रह विभाग का चतुर्थ श्रेणी संविदा कर्मचारी है। काफी समय से चालक के रूप में काम कर रहा था। मामले की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। आरोपी चालक को संग्रह विभाग में संबंद्ध कर दिया गया है।
बताया जाता है कि प्रशासन ने उस डंपर स्वामी का भी पता लगा लिया है। जिसके साथ चालक की अवैध वसूली प्रकरण में लंबी बातचीत हुई। बातचीत करने वाला व्यक्ति जलालाबाद क्षेत्र का रहने वाला है। जिन डंपर स्वामियों के ऑडियो में नाम आए हैं, जांच में उन व्यक्तियों से भी संबंधित प्रकरण में पूछताछ की जा सकती है।