धामपुर। रेलवे लाइन पर मरम्मत कार्य चलने के कारण नहटौर रेलवे फाटक 20 दिन से पूर्णत: बंद पड़ा है। फाटक होने से लाइन पार स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों को जाने वाले लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। भीषण गर्मी में लोग नहटौर ओवरब्रिज से होकर लाइन पार जाने को मजबूर है। नगर निवासी राहुल, प्रशांत कुमार, नवनीत सिंह आदि का कहना है कि मार्च के महीने में भी फाटक को 15 दिन बंद किया गया उसके बाद अप्रैल माह से पहले से सप्ताह से अभी तक फाटक बंद पड़ा है। फाटक के उस पार एसडीएम सीओं कार्यालय, तहसील, सिंचाई विभाग, आपूर्ति विभाग सहित कई विभागों के कार्यालय है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में आमजन की आवाजाही रहती है। नहटौर रेलवे फाटक बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने रेलवे विभाग से मरम्मत कार्य को शीघ्रता से पूरा करने की मांग की है। उधर रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक पर युद्धस्तर से दिन रात कार्य किया जा रहा है। शीघ्र ही कार्य पूर्ण कराकर फाटक को सुचारू रूप से खोलने का प्रयास किया जा रहा है।