संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। ग्राम सलावतपुर शफक्कतपुर निवासी गुलफाम ने एसपी से की शिकायत में बताया कि नहटौर पुलिस कोर्ट से जारी वारंटियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश नहीं कर रही है। उसने पुलिस पर आरोपियों से मिलीभगत करने का आरोप लगाया। कहा कि जून 2024 को गांव निवासी कुछ लोगों के विरुद्ध मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। आरोपियों के खिलाफ कोर्ट द्वारा कई बार गैर जमानती वारंट जारी किए गए, मगर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने में रुचि नहीं ले रही है। आरोपी खुले आम पीड़ितों को धमका रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।