- मौके पर पहुंच पुलिस ने युवक को बचाया, शांतिभंग में किया चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। ईद मिलन के लिए महिला अपने मायके गई और ससुराल नहीं लौटी तो युवक ने आत्महत्या किए जाने का ड्रामा ही रच डाला। दरअसल पत्नी वियोग के चलते एक युवक ने नशे की हालत में पुलिस को सूचना दी कि वह आत्महत्या कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक ने गले में फांसी का फंदा डाल रखा था। जिसके बाद पुलिस उसे थाने ले आई और शांतिभंग में चालान कर दिया।
मंगलवार की देर शाम डायल -112 पर पर एक कॉल आई। जिसमें एक युवक ने कहा कि मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। इस पर तुरंत ही डायल-112 की पीआरवी गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो उक्त युवक रस्सी का फंदा बनाकर लटकने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर किसी तरह से शांत किया। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी पत्नी ईद के मौके पर मायके चली गई थी। जिसे घर लाने के लिए वह तीन बार ससुराल जा चुका है। लेकिन ससुराल वाले उसकी बीवी को नहीं भेज रहे है। कहा कि इसलिए, वह आत्महत्या करना चाहता है। खैर, पुलिस समझा बुझाकर उसे थाने ले आई। युवक नशे में बताया गया। कोतवाल नरेंद्र गौड़ ने बताया कि युवक ने नशे की हालत में फोन कर दिया था। जिसका शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।