- 117 दुकानदारों को नोटिस भेज दी चेतावनी, दुकानदारों में मचा हड़कंप
- व्यापार मंडल ने किया नोटिस का बहिष्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
स्योहारा। नगर पालिका परिषद ने शनिवार को 117 दुकानदारों को नोटिस देकर अतिक्रमण खुद हटाने की चेतावनी दी है। वहीं, व्यापार मंडल ने नोटिस पर विरोध जताया है। कहा है कि पालिका प्रशासन को पहले व्यापारियों से वार्ता करनी चाहिए थी।
नगर पालिका स्योहारा में कई दशकों से बाजार में अतिक्रमण की लगातार शिकायत मिलने के बाद भी कोई हल नहीं निकल पा रहा था। पालिका ने पहले 67 दुकानदारों को अपनी दुकान के सामने किए गए अतिक्रमण हटाने के नोटिस दिए थे। शनिवार को भी पालिका प्रशासन ने 117 दुकानदारों को चिन्हित कर नोटिस दिए। नोटिस मिलने के बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया। व्यापार मंडल ने इसका विरोध शुरू कर दिया है।
व्यापार मंडल के प्रांतीय उपाध्यक्ष अरुण वर्मा, मुकेश माहेश्वरी, पंकज अग्रवाल, आशीष माहेश्वरी आदि का कहना है कि पालिका को नोटिस देने से पहले व्यापार मंडल से वार्ता करनी चाहिए थी। व्यापार मंडल अतिक्रमण हटाने के विरोध में नहीं हैं, मगर पालिका की मनमानी नहीं चलने देंगे।
ईओ विजेन्द्र सिंह पाल ने बताया कि शासन के आदेश पर नगर को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। लगभग दो सौ दुकानदारों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने को कहा गया है। निर्धारित समय में दुकानदार द्वारा अतिक्रमण न हटाने पर कार्रवाई की जाएगी।