- पालिकाध्यक्ष के मकान के स्लैब सहित दो दर्जन से अधिक दुकानों- मकान के स्लैब तोड़े
- व्यापारियों के विरोध के बावजूद निष्पक्ष कार्रवाई से मचा हड़कंप
स्योहारा। नगर के मुख्य मार्ग सहित शहर के बीचों बीच कई दशकों से व्यापारियों सहित आम लोगों ने कर रखे अतिक्रमण को पालिका ने अभियान चला कर नगर को अतिक्रमण मुक्त कराया। पालिका की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अतिक्रमण हटाने में पालिकाध्यक्ष के घर के बाहर बने स्लैब को भी तोड़ दिया गया।
बृहस्पतिवार की दोपहर तहसीलदार धामपुर पवन कुमार शर्मा, नायब तहसीलदार राजकमल सिंह, अधिशासी अधिकारी विजेंद्र सिंह पाल व हल्का लेखपाल बृजमोहन सिंह ने पुलिस बल के साथ नगर भर में अतिक्रमण अभियान चलाया। इस दौरान दुकानदारों में रोष दिखाई दिया तो वहीं कुछ लोगों ने पालिका के इस कार्य को सही बताया। अचानक हुई इस कार्यवाही से सभी दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
ठाकुरद्वारा रोड से शुरू हुए अभियान में अनेक स्थानों पर छुटपुट विरोध के बाद अतिक्रमण हटाया गया तो वहीं टीम के सब्जी मंडी के निकट पहुंचने पर व्यापारियों द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर टीम का विरोध किया गया। उन्होंने पहले मोहल्लों से अतिक्रमण हटाए जाने की बात कही। अधिशासी अधिकारी विजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर शासन के आदेश के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। कुछ लोगों द्वारा स्वयं अतिक्रमण हटाने की बात कही गई है, जिनको समय दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नगर वासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने सामने से स्वयं अतिक्रमण हटा लें, ताकि किसी को कोई नुकसान न हो। पालिका परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने को लेकर कोई पक्षपात न हो, इसके लिए पालिकाध्यक्ष फैसल बारसी के घर के बाहर बने स्लैब को भी तोड़ दिया गया। इस मौके पर प्रधान लिपिक देवेंद्र सिंह, मोहम्मद शान, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।
शासन के आदेशानुसार अधिकारियों के आदेश पर नगर को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है। सभी को तीन दिन का समय दिया गया है। अतिक्रमण हटाने में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होगा। जो अपना अतिक्रमण नहीं हटाएगा, उसको पालिका पुलिस बल के सहयोग से हटाएगी।
विजेन्द्र सिंह पाल,
ईओ नगर पालिका स्योहारा