नगीना। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश में राशन डीलरों को मई माह से कमीशन का भुगतान नहीं होने और बढ़े हुए कमीशन का शासनादेश जारी नहीं किए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदेश सरकार से राशन डीलरों के बकाया कमीशन का जल्द भुगतान कराने और बढ़ी हुई दरों का शासनादेश जारी करने की मांग की है। सांसद ने पोस्ट में कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत करोड़ों लोगों तक खाद्यान्न पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने वाले राशन डीलर महीनों से अपने मेहनताने का इंतजार कर रहे हैं। उचित दर विक्रेताओं के कमीशन में 300 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की मांग को लेकर उन्होंने 26 मार्च को ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से कमीशन में 125 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि की घोषणा की गई, लेकिन अब तक इसका शासनादेश जारी नहीं हुआ है और भुगतान भी लंबित है। उन्होंने कहा कि राशन डीलरों को केवल आश्वासन देने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।