नूरपुर। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना लोकसभा सांसद चंद्रशेखर ने डाक बंगले पर जन समस्याओं को सुना। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य का निरीक्षण भी किया।
शनिवार को डाक बंगले पर नगीना सांसद चंद्रशेखर ने क्षेत्र की समस्याओं को सुना जिसमें विशेष रूप से गांव टंडेरा में निकलने वाला रविदास जयंती का जुलूस रहा। सांसद ने दोनों संप्रदायों को बुलाकर समझौता कराया जिसके बाद दोनों ही संप्रदाय के लोगों में सहमति बन गई। दूसरी समस्या विद्युत विभाग से संबंधित रही जिसमें 13 घंटे की सप्लाई को लेकर जनता ने नाराजगी जाहिर की, विद्युत सप्लाई में अघोषित कटौती को लेकर विद्युत एक्शन सुधांशु श्रीवास्तव, जेई अमोल शर्मा को बुलाकर 22 घंटे की सप्लाई को लागू किये जाने की बात कही।
इसके बाद सांसद चंद्रशेखर ने सामुदायिक केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में आने वाले मरीजों के रिकॉर्ड की जांच की, एक्स रे रूम, दवाओं के स्टोर रूम, पेयजल व्यवस्था, शौचालय की साफ सफाई तथा अस्पताल के मुख्य दरबाजे पर भरे पानी को देख सांसद ने नाराजगी व्यक्त करते हुए रास्ते को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सामुदायिक केंद्र प्रभारी डॉक्टर कुलदीप सिंह, फार्मासिस्ट मनोज त्यागी, वार्ड बॉय सोपाल सिंह आदि से अस्पताल की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।