- दो बाइकों की टक्कर में सड़क पर गिरी मां-बेटी को ट्रक ने कुचला
- बिजनौर बैराज मार्ग पर हुआ हादसा, लोगों ने किया जाम लगाने का प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। चाची की तेरहवीं में शामिल होकर पानीपत लौट रहे बाइक सवार परिवार की बिजनौर बैराज मार्ग पर दूसरे बाइक सवार से टक्कर हो गई। हादसे में परिवार की महिला और उसकी बेटी उछलकर सड़क पर जा गिरी। तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई। हादसे में मृतका का पति घायल हुआ है, जबकि सात माह की दूसरी बेटी बाल-बाल बच गई। लोगों ने जाम लगाने का प्रयास भी किया।
धामपुर थाना क्षेत्र के गांव उमरी खदाना निवासी भीष्म सिंह (57) पुत्र यशपाल सिंह, पत्नी उजाला (32), बेटी कनिषा (4) और दूसरी बेटी वंशिका (सात माह) के साथ बाइक से पानीपत जा रहे थे। वह अपनी चाची की तेरहवीं में शामिल होने आया था। बिजनौर-बैराज मार्ग पर माउंट लिट्रा स्कूल के पास सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही उजाला और बेटी कनिषा सड़क पर जा गिरी। तभी बिजनौर की ओर से आ रहे ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। इसमें मां-बेटी की मौत हो गई। गोद में बैठी दूसरी बेटी वंशिका की दूर गिरने से उसकी जान बच गई।
हादसे में भीष्म भी घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर लोगों ने जाम लगाने का भी प्रयास किया। मगर, पुलिस ने समझा बुझाकर भीड़ को शांत कर दिया। उधर, आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए मां-बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शहर कोतवाल ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।