बिजनौर। विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित लोक अदालत का आयोजन किया गया जिसमें करीब 75 हजार वाद निस्तारित किए गए।
शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश संजय कुमार सप्तम ने दीप प्रज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया। लोक अदालत में कुल 75,530 वादों का निस्तारण किया गया। इस दौरान 11,91,571 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि 11,77,91,935 रुपये की समझौता धनराशि दिलाई गई। जनपद न्यायाधीश संजय कुमार सप्तम ने न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ दिलाने और ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बैंकों की ओर से लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी ज्ञान प्रकाश सिंह ने 35 वादों का निस्तारण करते हुए 3,15,15,000 रुपये की धनराशि दिलाई।