15 हजार से अधिक तिरंगा वितरण होगा
नजीबाबाद। हर घर तिरंगा अभियान में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में 15 हजार से अधिक राष्ट्रीय ध्वज प्रशासन की ओर से वितरित किए जाएंगे। समाजसेवी संस्थाएं और नागरिक भी अपने स्तर से आजादी के अमृत महोत्सव जश्न पर हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनेंगे।
हर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने राष्ट्रीय ध्वज जुटाने की व्यवस्थाएं शुरू कर दी हैं। नजीबाबाद तहसील करीब पांच हजार ध्वज लेखपालों के माध्यम से हर घर अभियान के लिए वितरित कराएगी। नगरपालिका परिषद और ग्राम्य विकास विभाग ने दो-दो हजार तिरंगा और पंचायतराज विभाग ने हर ग्राम पंचायत में 100-100 तिरंगे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। 10 अगस्त तक तिरंगा वितरण पूरा करने का मिशन है। 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लहराने का लक्ष्य है।