कोरोना पॉजिटिव व्यापारी के पिता को भेजा मुरादाबाद
हल्दौर। नगर के कोरोना पॉजिटिव व्यापारी के संपर्क में आने से संक्रमित हुए उसके पिता को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोविड हॉस्पिटल मुरादाबाद भेजा है।
करीब सात दिन पूर्व थाने के एक कांस्टेबल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक चिकित्सक व तीन व्यापारियों समेत पांच लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर बृजेश कुमार व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चिकित्सक, एक व्यापारी को मुरादाबाद और एक कांस्टेबल तथा दो व्यापारियों समेत तीनों पॉजिटिव मरीजों को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर स्वाहेड़ी भिजवाया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नगर के कोरोना पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आने वाले परिजनों को होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए गए। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने होम क्वारंटीन कराए गए नगर के करीब 64 लोगों को सीएचसी पर बुलाकर कोरोना की जांच के लिए सैंपल लेकर भेजे थे। रविवार की देर रात 63 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई, जबकि नगर के मोहल्ला खेड़ा निवासी एक कोरोना पॉजिटिव व्यापारी के संपर्क में आने वाले उसके पिता की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिला प्रशासन ने उनके घर के आसपास का एरिया पहले से ही हॉटस्पॉट घोषित कर सील कर रखा है। सीएचसी प्रभारी डॉ मदनपाल सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कोरोना पॉजिटिव रोगी को मुरादाबाद भिजवाया।