ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ दिया अविश्वास प्रस्ताव
बिजनौर। किरतपुर ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने डीएम को ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दिया है। डीएम ने डीपीआरओ को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए तिथि आवंटित करने को कहा है। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि अनिल कुमार किरतपुर ब्लॉक प्रमुख हैं। ब्लॉक में 88 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। कहा की सदस्यों ने ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव डीएम को दिया है। प्रस्ताव के साथ 49 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शपथ पत्र दिए हैं। ब्लॉक प्रमुख पर कई आरोप लगाए हैं। बताया कि प्रमुख के खिलाफ दो बार पहले भी प्रस्ताव दिया गया था, परंतु प्रस्ताव में कमियों के चलते निरस्त हो गया था। प्रस्ताव पर चर्चा के लिए जल्द तारीख आवंटित की जाएगी।