लापता विशाल की हत्या की आशंका
नहटौर। लापता विशाल प्रकरण में हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। दस माह से लापता इकलौते पुत्र की बरामदगी के लिए माता-पिता पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने पुत्र की हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अब तक इस केस की गुमशुदगी मानते हुए जांच कर रही थी। अब पुलिस ने इस केस के सभी पहलुओं की जांच शुरू की है।
16 दिसंबर 2021 को गांव टपरौला निवासी सुरेंद्र सिंह का इकलौता पुत्र विशाल लापता हो गया था। सुरेंद्र सिंह के मुताबिक गांव का ही एक युवक विशाल को लेकर जंगल में गया था। जिसके बाद वह नहीं लौटा। पुत्र के नहीं लौटने पर उसने युवक से पूछा, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस ने उसके पुत्र की गुमशुदगी लिख ली, लेकिन तब से कोई सुराग नहीं लगा सकी। पिछले दस माह से वह पुत्र की तलाश में दर-दर भटक रहा है।
उसका कहना है कि उसके पुत्र का अपहरण कर उसकी हत्या की गई है। उसका मोबाइल भी अभी तक चालू नहीं हुआ है। मुंबई जाने से एक दिन पूर्व ही वह लापता हो गया। दस माह बीत जाने के बाद भी पुलिस लौट आने का आश्वासन देकर उसे टरका देती है। पुत्र की बरामदगी को लेकर माता-पिता सीओ धामपुर इंदु सिद्धार्थ से भी मिले। कोतवाल पंकज तोमर का कहना कि मामले की जांच की जा रही है।