तीन दिन पहले ट्यूशन पढ़ने गई थी गांव हाफिजाबाद निवासी छात्रा खुशबू सैनी
संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट (बिजनौर)। गांव हाफिजाबाद से तीन दिन पहले लापता हुई 15 वर्षीय छात्रा खुशबू सैनी का शव मंगलवार को शेरकोट मेंं खो नदी में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आशंका जताई कि छात्रा ने आत्महत्या की है। उधर, परिजनों ने गहराई से जांच कर कार्रवाई की मांग की।
गांव हाफिजाबाद निवासी सत्यदेव सिंह सैनी ने बताया कि उनकी पुत्री खुशबू रविवार सवेरे करीब साढ़े नौ बजे शेरकोट में हरेवली चौक स्थित कोचिंग सेंटर पर ट्यूशन पढ़ने के लिए गई थी। वह धामपुर के गुरु रामराय इंटर कॉलेज में 11 वीं कक्षा की छात्रा थी।
रविवार देर रात तक भी खुशबू के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसे संभावित स्थानों पर तलाश किया, पर उसका पता नहीं लग सका। सोमवार को शेरकोट थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट कायम कराई थी। मंगलवार को खो नदी में उसका शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव नदी से निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पिता सत्यदेव सैनी ने बताया कि खुशबू उसके दो बच्चों में बड़ी थी। उनका पुत्र कक्षा नौ का छात्र है। खुशबू के आत्मघाती कदम उठाने पर वे भी परेशानहै। उन्होंने पुलिस ने मामले की गहराई से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
किशोरी के फोन को पुलिस की ओर से सर्विलांस पर लगा दिया था। शरीर पर चोट आदि का कोई निशान नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा। - अंजनी कुमार, सीओ अफजलगढ़