बदमाशों ने युवक से की लूटपाट
बिजनौर, नांगलसोती। सुंदरपुर बेहड़ा-चंदौक मार्ग पर स्कूटी सवार युवक से बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट की। पीड़ित ने नांगल थाने को तहरीर सौंपी है।
हीमपुर थाना क्षेत्र के गांव छोइया नंगली निवासी अरुण कुमार ने नांगल पुलिस को तहरीर सौंपी है। अरुण ने बताया कि रविवार की देर रात वह स्कूटी से लालपुर सोजीमल रिश्तेदारी में जा रहा था। सुंदरपुर बेहड़ा-चंदौक मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने उसे आतंकित करते हुए उसके पास से चार हजार रुपये की नगदी व एक मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। अरुण ने पुलिस से बदमाशों की धरपकड़ करने और उससे लूटी धनराशि दिलाने की मांग की है।