स्योहारा के गांव सिपाहीवाला में लूट और गोली मारने की घटना के बाद जांच करते एसपी नीरज कुमार जादौ
स्योहारा (बिजनौर)। बुधवार रात दो बजे खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे बदमाशों ने आठ लाख के आभूषण और हजारों की नकदी चोरी कर ली। आहट होने पर उठे मकान मालिक के बेटे आमिर ने पीछा करते हुए दोनों बदमाशों को घर से कुछ दूर ही पकड़ते हुए उनसे भिड़ गया। इस पर एक बदमाश ने आमिर को गोली मार दी और फरार हो गए। घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने लूट की धाराओं में केस दर्ज करते हुए कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
स्योहारा क्षेत्र के गांव सिपाहीवाला निवासी फुरकान का घर आबादी के बाहरी छोर पर है। रात में दो बजे घर की खिड़की की ग्रिल तोड़कर चार बदमाश अंदर घुस आए। उन्होंने घर में रखे 75 हजार रुपये और सोने चांदी के करीब 8 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। आहट होने पर फुरकान का बेटा आमिर (22) जाग गया। आमिर ने इस दौरान भाग रहे दो बदमाशों का पीछा करते हुए घर से करीब पंद्रह मीटर दूरी पर पकड़ लिया। उसकी बदमशों से भिड़ंत हो गई।
जिस पर एक बदमाश ने आमिर को गोली मार दी। इसके बाद बदमाश जंगल के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने गोली लगने पर घायल हुए आमिर को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं घर के पास ही एक खेत में संदूक और आभूषणों के खाली डिब्बे पड़े मिले हैं। पीड़ित परिवार ने दो बदमाशों को पहचान लिए जाने का दावा किया है। वहीं वारदात में चार बदमाशों के शामिल होना बताया जा रहा है।
सुबह चार बजे एसपी नीरज जादौन, एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छल, सीओ सर्वम सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट आदि ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रात में ही कई स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। बृहस्पतिवार पहर डीआईजी मुनीराज भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। उधर पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो मौके से एक बदमाश की चप्पल भी बरामद हुई हैं। माना जा रहा है कि खुद को घिरता देख बदमाश चप्पल छोड़ भागा।
वारदात के जल्द खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है। संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपियों को पहचान लेने की बात पीड़ित ने कही है, फिर भी सभी पहलुओं पर जांच की रही है।
- नीरज कुमार जादौन, एसपी बिजनौर