बिजनौर। नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस की सतर्कता बढ़ गई है। इसी क्रम में पुलिस ने ड्रोन उड़ाकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं अफसरों की अगुवाई में जिलेभर में अलग-अलग जगहों पर पैदल मार्च किया।
बृहस्पतिवार को एसपी नीरज कुमार जादौन की अगुवाई में किरतपुर में पुलिस ने पैदल मार्च किया। वहीं हल्दौर में एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह और सीओ सिटी अनिल कुमार के नेतृत्व में संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने पैदल मार्च किया। थाना प्रभारी उदयप्रताप सिंह भी मौजूद रहे। उधर, नगीना में एएसपी देहात राम अर्ज की अगुवाई में पैदल मार्च किया गया।
बता दें कि जिले की सभी 12 नगरपालिका व 6 नगर पंचायतों में 4 मई को मतदान होना है। ऐसे में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। बिजनौर शहर के कई इलाकों में सीओ सिटी अनिल सिंह और शहर कोतवाल नरेंद्र गौड़ ने पुलिस फोर्स के साथ बूथों का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने इस दौरान बूथों के आसपास ड्रोन कैमरा उड़ाकर निगरानी की। इस दौरान पुलिस टीम ने शहर प्रत्याशियों के प्रचार के लिए घूम रहे वाहनों के वैद्य कागज व अनुमति की चेकिंग की। सीओ सिटी अनिल सिंह ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से कई जगह ड्रोन उड़ाते हुए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया।