धामपुर। कांवड़ यात्रा के चलते पांच फरवरी की सुबह आठ बजे से धामपुर में सभी रूट डायवर्ट कर दिए जाएंगे। हाईवे वन हो जाएगा और मुरादाबाद मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर दिन के समय पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। सीओ अभय कुमार पांडे ने सर्किल के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है। कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी मीट की दुकान बंद रहेंगी। मदिरा की दुकानों को ढकवा दिया जाएगा। होटल बंद रहेंगे और रेस्टोरेंटों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। मार्ग पर पड़ने वाले बिजली के खंभों को 5 फीट ऊंचाई तक प्लास्टिक से ढकवाया जाएगा। उन्होंने असामाजिक तत्वों को हिदायत दी कि वह कांवड़ यात्रा के दौरान या तो शांत रहें अन्यथा सर्किल को छोड़ अन्यत्र पर चले जाएं। यदि उनकी कहीं पर किसी प्रकार की संदिग्धता पाई गई तो ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई होगी।