मंडावली के गांव हसनपुर के स्वास्थ्य शिविर में मरीजों को दवाई देते चिकित्सक।
- फोटो : NAZIBABAD
नांगलसोती। नजीबाबाद ब्लॉक के गांव सैदपुरी और हरचंदपुर के लोग बुखार से पीड़ित हैं। दोनों गांव में बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या 80 के पार पहुंच चुकी है। कई मरीज नजीबाबाद के निजी अस्पतालों में भर्ती हैं।
नांगलसोती क्षेत्र के सैदपुरी और हरचंदपुर में कई परिवार पिछले 10 दिनों से बुखार से पीड़ित हैं। बुखार से मरीजों की प्लेटलेट्स गिर रही है। जो मरीज इस बीमारी की चपेट में हैं वह नजीबाबाद और आस-पास के निजी अस्पतालों में अपना उपचार करा रहे हैं। गांव सैदपुरी निवासी सफा अली, सना जैदी, मराजिया खातुन, अनीसा फातमा बुखार से पीड़ित है। उनका कहना है कि गांव के प्रत्येक परिवार में एक दो सदस्य बुखार की चपेट में है। वहीं गांव हरचंदपुर भी बुखार से तप रहा है। उपचार के बाद गांव लौटे मरीज सुबोध देवी और अमित कुमार ने बताया कि गांव में वायरल फीवर तेजी से फैल रहा है।
उधर, नांगलसोती स्वास्थ्य केंद्र के फार्मासिस्ट रवि प्रताप ने बताया कि मौसम के उतार चढ़ाव और मच्छरों के प्रकोप, खाने पीने की चीजों में प्रदूषण के कारण मौसमी बुखार जोर पकड़ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र पर बुखार से पीड़ित करीब 20 मरीज रोजाना पहुंच रहे है।
गांव सैदपुरी और हरचंदपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजकर ग्रामीणों की जांच कराकर दवाइयां दी जाएंगी। - डॉ. जुबैर, प्रभारी, पीएचसी नजीबाबाद।