सरकार की उदासीनता से मंदीप के परिजन आहत
नजीबाबाद/बड़िया। न्यूयार्क में मंदीप कौर द्वारा आत्महत्या से आहत मंदीप का परिवार भारत और न्यूयार्क सरकार की उदासीनता से आहत है। परिजनों का आरोप है कि एक सप्ताह बाद भी किसी राजनीतिक व्यक्ति ने लाड़ली मंदीप कौर के शव को परिवार को दिलाने और अपराधी को सजा दिलाने के लिए उनसे संपर्क नहीं किया।
तहसील के गांव ताहरपुर निवासी किसान जसपाल सिंह का परिवार मंदीप कौर द्वारा आत्महत्या किए जाने से बुरी तरह टूट चुका है। मंदीप के बड़े भाई संदीप सिंह का आरोप है कि मंदीप कौर को आत्महत्या किए एक सप्ताह बीत चुका है। भारत सरकार और न्यूयार्क सरकार ने मंदीप का शव परिवार को दिलाने और आत्महत्या करने के लिए मंदीप कौर को मजबूर करने वाले उसके अपराधी पति रनजोतवीर सिंह को सजा दिलाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया।
संदीप का कहना है कि मंदीप कौर की आत्महत्या से पहले जारी की गई वीडियो ने इंटरनेशनल स्तर पर सभी को झकझोरा है। लेकिन सरकार, मंत्री और नेता आंख और कान बंद किए बैठे हैं। संदीप ने भारत सरकार से तत्काल उनकी बहन के शव और उसकी दोनों बेटियों को परिजनों को दिलाने की मांग की है। मंदीप कौर के पिता जसपाल सिंह, मां भूपेंद्र कौर और बहन कुलदीप कौर के आंसू नहीं थम रहे। परिजन उस पल को कोस रहे हैं, जब परिवार की लाड़ली मंदीप कौर को क्रूरता की सोच रखने वाले रनजोतवीर सिंह और उनके परिजनों को सौंपा गया था।
मासूम बेटियों को है जान का खतरा
मंदीप कौर का पति रनजोतवीर सिंह अपराधी है। अपराधी से मंदीप की दोनों लाड़ली बेटियों को जान से खतरा है। मंदीप के भाई संदीप सिंह और परिजन इस बात की गुहार लगाते हुए तत्काल उसकी दोनों बेटियों को अपराधी रनजोतवीर सिंह से परिजनों को दिलाने की गुहार लगा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जिसने उनकी लाड़ली मंदीप कौर के जीवन को समाप्त करा दिया वह मासूमों को किसी वक्त भी निगल सकता है।
किसानों का प्रतिनिधिमंडल मंदीप के परिवार पहुंचा
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नरेश टिकैत के पुत्र चौ. गौरव टिकैत के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने गांव ताहरपुर पहुंचकर मंदीप कौर के पिता जसपाल सिंह और उनके परिजनों का ढांढस बंधाया। किसानों ने गम में डूबे परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर, जिलाध्यक्ष चौ.कुदीप सिंह, युवा जिलाध्यक्ष वरिंदर सिंह बांठ, ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश कुमार, जितेंद्र पहलवान, सतपाल चौधरी, विजय पहलवान, अजय वालियान, मुकेश, बृजवीर, जयवीर, सुमित, रामपाल आदि शामिल रहे।
नजीबाबाद - मंदीप कौर पति और परिजनों के साथ।- फोटो : NAZIBABAD