मलेरिया इंस्पेक्टर स्कूल में छात्रों को करेंगे जागरूक
बिजनौर। मलेरिया विभाग की टीम सोमवार से स्कूल में जाकर विद्यार्थियों को वेक्टर जनित रोगों के बारे में जागरूक करेगी। इसके अलावा घरों में जाकर भी इकट्ठा पानी की जांच की जाएगी। इस समय बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिसके चलते मलेरिया इंस्पेक्टर स्कूलों में जाकर छात्रों को जागरूक करेंगे।
जिले में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ज्यादातर लोग बुखार की चपेट में है। जिसके चलते मलेरिया विभाग सतर्क हो गया है। लोगों को वेक्टर जनित रोगों से बचाव के बारे में जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान की शुरूआत स्कूलों से होगी। स्कूली छात्रों को मलेरिया इंस्पेक्टर वेक्टर जनित रोगों से बचाव के बारे में बताएंगे। अगर किसी विद्यार्थी को बुखार आता है, तो वह स्कूल न आए। इसकी जानकारी परिजन स्कूल में दें। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन बुखार से ग्रसित विद्यार्थियों की जानकारी मलेरिया विभाग को देगा। मलेरिया विभाग की टीम बुखार से ग्रसित छात्र के घर जाकर जांच करेगी। वहीं विद्यार्थियों को रविवार के दिन घर में साफ-सफाई करने के बारे में बताया जाएगा। अगर कही पानी इकट्ठा है, तो रविवार के दिन उसे निकाल दें।
वर्जन::
लोगों को वेक्टर जनित रोगों में बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा सोमवार से मलेरिया विभाग की टीम घर-घर जाकर जांच करेगी कि कहीं पानी तो भरा हुआ नहीं है। इसके अलावा स्कूलों में मलेरिया इंस्पेक्टर छात्रों को जागरूक करेंगे।
-आशुतोष सिंह, प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी