- इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद प्रेमदीवानी चली आई थी अफजलगढ़
- शादी से इनकार पर आरोपी युवक के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़। इंस्टाग्राम पर दोस्ती से शुरू हुई प्रेम कहानी को परवान चढ़ाने के लिए कोलकाता से अफजलगढ़ पहुंची महिला मायूस होकर बैरंग लौट गई। तमाम प्रयास के बाद भी दोस्त शादी को राजी नहीं हुआ और इनकार दिया। इस पर महिला ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
कोलकाता निवासी 24 वर्षीय महिला की अफजलगढ़ थाने के गांव सुआवाला निवासी युवक से करीब तीन वर्ष पूर्व इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। जून माह में युवक ने महिला से ईद के बाद शादी करने का वादा किया था। किन्तु उल्टा युवक ने अपना मोबाइल ही बंद कर लिया। दिन बात न होने पर महिला अपने घर से बिना बताए ट्रेन से धामपुर पहुंच गई। वहां से अफजलगढ़ कोतवाली आ गई थी।
पुलिस ने युवक को थाने बुलाकर महिला से बात कराई। युवक ने शादी की बात पर सिरे से इंकार कर दिया। पुलिस ने बहुत समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला युवक से ही शादी करने की जिद पर अड़ी थी। बात न बनने पर महिला ने युवक के विरुद्ध पुलिस को तहरीर सौंपकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस संबंध में सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी युवक जावेद के विरुद्ध मुकदमा लिख लिया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरक्षी की मदद से महिला को रात 12 बजे की ट्रेन से बैठा दिया गया, जो धामपुर से कलकत्ता के लिए रवाना हो गई।