नहटौर। संदिग्ध परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त मकान व दुकान में आग लगने पर हड़कंप मच गया। फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दुकानदार ने विवाद के चलते मकान स्वामी पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
दुकानदार मोहल्ला सादात सहदरी निवासी ताहिर हुसैन ने पुलिस से की शिकायत में कहा कि शमशाद व उसके पुत्र आफताब के बीच सहमति बनने पर उसने आफताब से दुकान किराए पर ली थी, लेकिन दोनों में मनमुटाव होने पर दुकान को लेकर विवाद चल रहा था। शमशाद दुकान को खाली कराने के लिए कह रहा था। लेकिन दुकान आफताब ने अपने हिस्से में होने की बात कहते हुए खाली करने से इंकार कर दिया था। इसी को लेकर कुछ दिन पूर्व भी विवाद हुआ था। उसकी किराये की दुकान में करीब 10 लाख रुपये का सामान भरा हुआ था। षड्यंत्र रचकर दुकान खाली करने के उद्देश्य से दुकान में आग लगाई गई है। अपने क्षतिग्रस्त मकान में आग लगाने के बाद उसकी दुकान में आग लगा दी गई। जिससे दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। कोतवाल पंकज तोमर का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रहीं है।