गंगोह में निकली बरात में लग्जरी कार में सवार श्रीराम-लक्ष्मण। संवाद
गंगोह। श्रीरामलीला महोत्सव मंडल की ओर से आयोजित श्रीरामलीला मंचन के तहत प्रभु श्रीराम की बरात धूमधाम से निकाली गई। इस बार बरात में पारंपरिक रथ के बजाय लग्जरी कार आकर्षण का केंद्र रही। प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण लग्जरी कार में सवार होकर माता सीता को ब्याहने जनकपुरी पहुंचे। बरात में बैंडबाजों की मधुर धुन और आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। बरात के नगर में पहुंचने पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। धार्मिक उल्लास और उत्साह के बीच निकली बरात से माहौल राममय हो गया। जनकपुरी पहुंचने पर प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद विधि-विधान के साथ माता सीता और प्रभु श्रीराम का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए। आयोजन को सफल बनाने में अर्चित गोयल, रविशंकर गर्ग, मनोज गोयल, शशांक गोयल और समर्थ गोयल सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।