- गांव तहारपुर मदद के समीप दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने की वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर (बिजनौर)। गांव तहारपुर मदद के समीप स्थित जंगल में दिन दहाड़े दो बाइकों पर सवार हेलमेट पहने तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक दवाई कंपनी के सेल्समैन को कैशियर मानकर रोक लिया। उसके साथ मारपीट कर बाइक पर लटका बैग लेकर फरार हो गए।
गांव तहारपुर मदद निवासी सतेंद्र कुमार उर्फ सुरजीत सिंह कंपनी की दवाई का सेल्समैन है। वह बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बाइक से गांव पिलाना की ओर जा रहा था। उसकी बाइक पर दवाई के सैंपल से भरा बैग पर लटका हुआ था। गांव की कुछ महिलाओं ने एक समूह चला रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि महिलाओं द्वारा संचालित समूह का प्रत्येक बुधवार को कैशियर रुपयों का लेन-देन करने आता है।
पीड़ित का आरोप है कि दो बाइकों पर सवार हेलमेट पहने तीन बदमाशों ने गांव के समीप स्थित जंगल में पीछा करते हुए आगे आकर जबरन उसकी बाइक को रोक लिया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। समूह का कैशियर समझकर दवाइयों के सैंपल से भरा बैग में रुपये होना मानकर मौके से फरार हो गए। लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ित की ओर से थाने में घटना की तहरीर दी गई है।