-तरल ऑक्सीजन प्लांट (एलएमओ) प्लांट बनने सेे मरीजों को नहीं होगी ऑक्सीजन की समस्या
- 20 किलोलीटर होगी एलएमओ प्लांट की क्षमता
-65 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा है एलएमओ प्लांट
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसी बीच अब अस्पताल में तरल ऑक्सीजन प्लांट (एलएमओ) बनने का भी काम शुरू हो गया है। एलएमओ प्लांट बनने से मरीजों को ऑक्सीजन की कोई दिक्कत नहीं होगी।
मेडिकल अस्पताल में एलएमओ प्लांट लगाने का टेंडर आईएनओएक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को दिया है। मेडिकल प्रशासन के अनुसार अस्पताल में एलएमओ प्लांट की क्षमता 20 किलोलीटर होगी। महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज में 350 बेड की व्यवस्था होेनी है। इसकी वजह से अलग से ऑक्सीजन की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा सौ प्रतिशत शुद्ध ऑक्सीजन होने की बात कही जा रही है। यह प्लांट 65 लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है।
वहीं, दूसरी ओर अस्पताल के भवनों का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। क्योंकि मेडिकल कॉलेज को सत्र 2023-24 से संचालित करने की तैयारी है। इसके अलावा हाल ही में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग टीम के निरीक्षण करने की उम्मीद है।
अस्पताल में एलएमओ प्लांट बनने का काम शुरू हो गया है। अभी फिलहाल प्लांट लगाने के लिए पीलर खड़े किए जा रहे हैं। कंपनी से जल्द ही प्लांट बनाने के लिए कहा गया है। प्लांट लगने के बाद मरीजों को ऑक्सीजन की समस्या नहीं होगी। - रोहित कुमार, प्रबंधक, अस्पताल, बिजनौर