- प्लांट बनाने और पाइपलाइन सिस्टम के लिए दो कंपनियों को हुआ टेंडर
- मेडिकल प्रशासन की ओर से कंपनियों को पैसे भेजने की चल रही तैयारी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज में मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। एक करोड़ की लागत से जल्द ही एलएमओ (लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन) प्लांट लगाया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो चुकी है।
बिजनौर के महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज को सत्र 2023-24 से शुरू करने की तैयारी चल रही है। जिसके चलते निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। कार्यदायी संस्था को मजदूर बढ़ाने के भी निर्देश दिए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के सभी भवनों का निर्माण किया जा रहा है। अधिकतर भवनों का ढांचा तो बनकर तैयार हो गया है, लेकिन अभी इन भवनों को पूरा होने में समय लगेगा।
मेडिकल कॉलेज के लिए लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन प्लांट बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। शासन की ओर से प्लांट लगाने के लिए आईएनओएक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को टेंडर दिया गया है। जबकि एमजीपीएस (मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम) का टेंडर यूपी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड को दिया गया है।
20 किलोलीटर क्षमता का होगा एलएमओ प्लांट
मेडिकल कॉलेज प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक एलएमओ प्लांट 20 किलोलीटर की क्षमता का बनाया जा रहा है। महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज में 330 बेड की व्यवस्था होनी है। बेड के हिसाब से प्लांट की क्षमता 20 किलोलीटर बहुत है। मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। इसके अलावा ऑक्सीजन की शुद्धता सौ प्रतिशत होने की बात कही जा रही है।
केवल 65 लाख में बनेगा एलएमओ प्लांट
मेडिकल कॉलेज के लिए एलएमओ प्लांट 65 लाख रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। इसके अलावा एमजीपीएस की लागत अलग रहेगी। जिसके चलते कुल मिलाकर करीब एक करोड़ की लागत से एलएमओ प्लांट और एमजीपीएस की व्यवस्था की जा रही है।
मेडिकल कॉलेज का करीब 55 प्रतिशत काम पूरा
पीडब्ल्यूडी से मिली जानकारी के मुताबिक मेडिकल कॉलेज का 55 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के लिए मजदूरों की संख्या भी बढ़ाई गई है। इस समय 500 मजदूर काम कर रहे हैं। इसके अलावा प्राचार्या आवास, एकेडमिक ब्लॉक, हॉस्पिटल भवन, गर्ल्स हॉस्टल, ब्वाय हॉस्टल, प्रोफेसर आवास, कर्मचारी आवासीय भवन का निर्माण किया जा रहा है।
- वर्जन
एलएमओ प्लांट के लिए कार्यदायी संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस समय प्लांट लगाने के लिए अस्पताल में ही जमीन देखी जा रही है। पाइपलाइन डालने के लिए भी कंपनी ने सर्वे भी कर लिया है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा - डॉ. उर्मिला कार्या, प्राचार्या, मेडिकल कॉलेज