सहारनपुर। हुसैन बस्ती बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन बिजेंद्र की रविवार को करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब वह बालाजी धाम के पास एक ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जिस फीडर को बंद करना था, उसकी जगह दूसरा फीडर बंद कर दिया गया था, जिससे ट्रांसफार्मर में बिजली चालू रही और काम करते समय उन्हें करंट लग गया। बिजेंद्र का शव फिलहाल जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। हादसे के बाद विद्युत निगम का कोई भी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है।