नामांकन बढ़ाने में गुरुजी फेल, नोटिस पर कर रहे माथा पच्ची
एजाज अहमद
नजीबाबाद/बिजनौर। गुरु जी ने नामांकन बढ़ाने में मेहनत नहीं की। लक्ष्य में फेल होने पर शासन के निर्देश पर बीएसए ने संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी किए। गुरुजी नोटिस का जवाब देने में माथा पच्ची करने में जुटे हैं। नामांकन कम होने पर कई स्कूल बंद होने के कगार पर हैं।
यू डायस डाटा के आधार पर वर्ष 2023-24 के शासन ने कम नामांकन वाले बिजनौर के 744 स्कूल चिह्नित किए हैं। नामांकन जागरूकता अभियान में शिक्षकों की उदासीनता से इन स्कूलों में छात्र नामांकन संख्या 50 से कम है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा की ओर से नामांकन कम होने को गंभीरता से लिया गया है। शासन के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित स्कूलों के मुख्य अध्यापकों के नोटिस का जवाब देने में पसीने छूट रहे हैं। शिक्षा सत्र शुरू होने के बाद अप्रैल माह में शिक्षकों को जागरूकता अभियान चलाकर नामांकन बढ़ाना था।
...........................
160 स्कूलों की स्थिति बेहद खराब
नजीबाबाद। यू डायस डाटा के आकड़ों पर नजर डालने पर 160 परिषदीय स्कूलों की नामांकन स्थिति बेहद खराब है। 40 स्कूलों में तीन से नौ नामांकन हैं, जबकि 120 प्राथमिक और जूनियर स्कूल ऐसे हैं, जिनमें 10 से 20 नामांकन हैं। आकड़ों के बावजूद धरातल पर स्थिति विपरीत है।
.............
ब्लॉक के 79 स्कूलों को जारी हुए नोटिस
नजीबाबाद। यू डायस डाटा के नामांकन कम होने की सूची में नजीबाबाद ब्लॉक के 79 परिषदीय प्राथमिक एवं जूनियर स्कूल शामिल हैं। इन सभी स्कूलों में नामांकन 50 से कम हैं। 19 स्कूल ऐसे हैं, जिनकी छात्र नामांकन संख्या 20 से कम है। प्रत्येक स्कूल में तीन से चार तक शिक्षकों की तैनाती है। मोटाढाक के प्राथमिक स्कूल में आठ और पूर्व माध्यमिक स्कूल में छह नामांकन हैं, जबकि दोनों स्कूलों में एक शिक्षा मित्र सहित सात शिक्षक तैनात हैं। ब्लॉक के वीरपुर स्कूल में चार, साहनपुर नानू में पांच, चतरुवाला में नौ, अगुपुरा प्यारा में 12, जसपुर में 13, गाजीपुर कुतुब में 16, नियामतपुर में 17, रघुनाथपुर में 18, नजीमपुर और सौपुरी में 19-19 विद्यार्थी का नामांकन है। नगर के हवेलीतला में 16 और रम्पुरा परिषदीय स्कूल में 18 नामांकन होने पर संबंधित स्कूलों को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्टीकरण नोटिस जारी किए हैं।