अफजलगढ़। गांव गढ़वावाला में गुलदार को लेकर ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ गईं हैं। रात को शिकार की तलाश में गुलदार गांव की गलियों में दौड़ लगा रहा है। ग्रामीण भयभीत हैं।मंगलवार की रात गुलदार नसीम उस्मानी की गली में दौड़ता नजर आया। उसका वीडियो गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। ग्रामीण रणवीर सिंह, रवि, अजयपाल, दिनेश, महेश, मुख्तियार, अमर सिंह, सुमित, अमन, खूब सिंह व सुभाष आदि का कहना है कि गुलदार अब जंगल से निकलकर बस्ती के बीच में भी आने लगा है। इससे ग्रामीण भयभीत हैं और वे खेतों पर जाने से घबरा रहे हैं। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग के अधिकारियों ने गांव में पिंजरा लगा दिया है लेकिन गुलदार पिंजरे से दूरी बनाए हुए हैं। नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा ने बताया कि गांव में पिंजरा लगा हुआ है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने को कहा है।