शेरकोट। थाना क्षेत्र के ग्राम भिक्कावाला के आबादी क्षेत्र में गुलदार की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
गांव निवासी नवनीत राजपूत ने बताया कि बुधवार की देर रात गुलदार कुत्तों के पीछे गांव में घुस आया। कुत्तों के भौंकने की आवाज पर ग्रामीण जाग गए। लोगों ने जब बाहर निकलकर देखा तो गुलदार गली में कुत्तों के पीछे भाग रहा था। ग्रामीणों के एकत्र हो कर शोर मचाने के बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया। गांव की गलियों में गुलदार की चहलकदमी का वीडियो मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि सप्ताह भर पहले गुलदार ने गांव के बाहर एक संरक्षित पशु को निवाला बना लिया था। लेकिन अब गुलदार शिकार की तलाश में गांव के आबादी क्षेत्र में घुसने लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव निवासी संजय कुमार, निशांत, नितिन, कलवा आदि ने वनविभाग से गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।