-ड्यूटी नहीं आने वाले छह परिचालकों को दिए नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर परिवहन निगम ने कमर कस ली है। ऐसे में चालक व परिचालकों को छुट्टी रद्द कर दी गई है। साथ ही ड्यूटी नहीं आने वाले छह परिचालकों को नोटिस दिए गए हैं।
बिजनौर डिपो से अलग-अलग रूटों पर करीब 134 बसों का संचालन होता है। बिजनौर से मुरादाबाद, बरेली, मेरठ व बदायूं के लिए ज्यादा अभ्यर्थी जा रहे हैं। अभ्यर्थी को समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचाने के लिए अतिरिक्त बसें संचालित की जा रही हैं। इन जिलों के लिए सुबह से ही अतिरिक्त बस भेजी गईं, ताकि यात्रियों को सफर में कोई परेशानी न हो। इसके अलावा बसों का संचालन देर रात तक किया जाएगा। अभी आठ बजे के बाद डिपो से बस नहीं जाती है। अगर यात्री होंगे तो बस भेजी जाएगी। इसके लिए डिपो पर रात में भी एक इंचार्ज की ड्यूटी लगाई गई है।
वहीं, सुबह चार बजे से बसों का संचालन होगा। अगर कोई परीक्षार्थी जाने से रह जाएगा तो सुबह समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचाने का प्रयास रहेगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक कुमार ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए अतिरिक्त बसें संचालित की जा रही हैं। बिना परेशानी अभ्यर्थियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने का प्रयास रहेगा। इसी वजह से कर्मचारियों की छुट्टी भी रद्द कर दी गई है।