पावधोई नदी पर लघु सेतु का शिलान्यास किया
नगीना। बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह ने नगीना फतेहपुर मार्ग पर पाव धोई नदी पर बनने वाले लघु सेतु का सोमवार की दोपहर भाजपा कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर शिलान्यास किया।
बढ़ापुर विधानसभा के भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह ने शिलान्यास मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की योगी व देश की मोदी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश व देश में सड़कों का विशाल जाल बिछाया गया है। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में उनके कार्यकाल में जितनी सड़कों व पुलों का निर्माण हुआ है इतना इससे पहले कभी नहीं हुआ। इससे पूर्व ग्राम फतेहपुर निवासी ग्रामीणों ने फूल मालाओं से विधायक का स्वागत किया।
विधायक ने पाव धोई नदी पर जर्जर हो चुकी पुलिया के स्थान पर बनने वाले पुल का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। इसके बाद भाजपा विधायक ने ग्राम धर्मू वाला में 30 मीटर लंबे पुल व 3 किलोमीटर सड़क का भी शिलान्यास किया। इस मौके पर कोतवाली ब्लाक प्रमुख पति व भाजपा नेता ठाकुर विकास राजपूत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अरविंद गहलोत, अंकित चौधरी, सुखबीर सिंह, ओंकार शर्मा, विशाल, संदीप कुमार, विक्की चौहान आदि मौजूद रहे।