पालनपुर में टेक होम राशन यूनिट का शुभारंभ
स्योहारा। आंगनबाड़ी केंद्रों को पुष्टाहार आपूर्ति करने के लिए ग्राम पालनपुर में टेक होम राशन यूनिट का शुभारंभ डीएम के नहीं पहुंचने पर स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने फीता काटकर किया। इस यूनिट के चलने के बाद धामपुर ब्लॉक व स्योहारा ब्लॉक में पुष्टाहार की आपूर्ति की जाएगी।
क्षेत्र के गांव पालनपुर में लगभग 90 लाख रुपये की लागत से टेक होम राशन यूनिट का निर्माण हुआ है, जिसमें सत्तू बनाया जाएगा। मंगलवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को इसका शुभारंभ करना था। सभी अधिकारी समय से पहुंच कर जिलाधिकारी का इंतजार कर रहे थे कि इसी बीच डीएम का कार्यक्रम निरस्त हो गया, जिसके बाद स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने फीता काटकर यूनिट का शुभारंभ किया। उपायुक्त एनआरएलएम ज्ञान सिंह ने बताया कि बाल विकास पुष्टाहार विभाग की तरफ से इस यूनिट को 70 लाख रुपये एडवांस पुष्टाहार आपूर्ति के लिए दिया गया है। जोकि इस यूनिट को वापस करने होंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों पर नौनिहालों के लिए पुष्टाहार दिया जाता है। अभी तक यह पुष्टाहार लखनऊ से तैयार होकर आता रहा है। अब पालनपुर की टेक होम राशन यूनिट में ही पुष्टाहार तैयार किया जाएगा। इस यूनिट में काम करने वाली महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी होंगी और उन महिलाओं को हर माह मानदेय दिया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम धामपुर मनोज कुमार, खंड विकास अधिकारी रामकुमार सिंह, एडीओ पंचायत करुणा चौहान, एडीओ आईएसबी दिनेश कुमार, तकनीक सहायक कमल चौहान, बीएमएम अतुल कुमार, अभिषेक गुप्ता आदि मौजूद रहे।