कूड़ा निस्तारण के लिए जमीन चिह्नित
अफजलगढ़। कूड़ा निस्तारण केंद्र के लिए भूमि चिह्नित कर पालिका कर्मियों व राजस्व कर्मियों द्वारा पैमाइश की गई।
मंगलवार को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पालिका व राजस्व कर्मियों की टीम नगर से सटे मौजा अजब नगर पहुंची। उन्होंने प्रस्तावित कूड़ा निस्तारण स्थल के लिए साढ़े चार बीघा भूमि चिह्नित की। आसपास मौजूद भू स्वामियों तथा चेयरपर्सन पति सलीम अंसारी वसीम अंसारी की मौजूदगी में चिह्नित की गई भूमि की पैमाइश हुई। इस संबंध में ईओ कौशल कुमार ने बताया कि शासन द्वारा कूड़ा निस्तारण स्थल के निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद डीएम से भूमि मुहैया कराने के लिए पत्राचार किया था, जिसके चलते राजस्व कर्मियों की टीम ने मंगलवार को भूमि चिह्नित कर पैमाइश कर दी है। भूमि पर नगरपालिका द्वारा शीघ्र ही कूड़ा निस्तारण स्थल का निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर लेखपाल बेनीराम, हिमांशु पालिका कर्मी बृजमोहन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद