लकड़हान और मालन नदी ने कृषि भूमि का किया कटान
मंडावली/नजीबाबाद। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने से लकड़हान, मालन और कोटावाली नदी का बृहस्पतिवार को जलस्तर बढ़ा। तीनों नदियों ने क्षेत्र के कई किसानों की कृषि भूमि का कटान किया।
क्षेत्र की लकड़हान नदी मंडावली के गांव मुस्सेपुर, लाहककला, गूढ़ा, गांमड़ी, गदाइका, जटपूरा बोंडा से होकर गुजरती है। बारिश होने से नदी का जलस्तर बढ़ता है और किसानों की कृषि भूमि का कटान होता है। किसान धर्मपाल, समरपाल, सत्यपाल, रफीक अहमद का कहना है कि बृहस्पतिवार को नदी का जलस्तर बढ़ने से उनकी कई बीघा गन्ने की फसल नदी में समा गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचा।
वहीं गांव शेखुपुरा आलम के निकट रतनाल और लकड़हान नदी मालन नदी में आकर मिलती है। दो दिन से हो रही बारिश से मालन नदी का जलस्तर बढ़ा और नदी ने कई किसानों की कृषि भूमि का कटान किया। भागूवाला क्षेत्र की कोटावाली नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव रामपुर चाठा में फिर से कटान हुआ। ग्रामीण शशीनाथ, रूपराम, शाहिद, अय्यूब, रामलाल का कहना है कि पिछले दो सप्ताह में किसानों की कई बीघा कृषि भूमि नदी में समा चुकी है। नदी लगातार कटान करती हुई गांव की ओर बढ़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव की सुरक्षा के लिए पक्के तटबंध बनाने की मांग की है।
कोटावाली नदी रपटे पर पानी आने से वाहनों का आवागमन बंद
भागूवाला। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्र में बारिश होने से बृहस्पतिवार देर शाम कोटावाली नदी का जलस्तर बढ़ गया। कोटावाली नदी रपटे पर पानी आने से पुलिसकर्मियों ने भारी वाहनों का आवागमन बंद करा दिया।
बारिश होने से बृहस्पतिवार को कोटावाली नदी रपटे पर देर शाम करीब छह बजे पानी आना शुरू हुआ। रपटे पर नदी का जलस्तर बढ़ता देख वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी। जबकि दोपहिया वाहनों की आवाजाही कोटावाली नदी पर बने पुल से होती रही। भागूवाला चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि रात्रि होने के कारण वाहनों के नदी रपटे से गुजरने पर रोक लगाई गई है। रपटे पर नदी का जलस्तर सामान्य होने के बाद ही वाहनों की आवाजाही शुरू कराई जाएगी।
भागूवाला क्षेत्र में कोटावाली नदी रपटे पर बढ़ा जलस्तर।- फोटो : NAZIBABAD