कुशीनगर के लिए खास
- चांगीपुर में निर्माणाधीन चीनी मिल में बॉयलर पर काम करते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नूरपुर/गोहावर (बिजनौर)। गांव चांगीपुर में निर्माणाधीन शुगर मिल में बॉयलर पर काम कर रहे मजदूरों पर भारी पैनल गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
गांव चांगीपुर में बिंदल शुगर मिल का निर्माण चल रहा है। मंगलवार सुबह बॉयलर के पास एक भारी भरकम लोहे के पैनल मजदूर काम कर रहे थे। इस दौरान पैनल फिसलने से जनपद कुशीनगर के गांव भलुआ थाना अहिरौली निवासी उमेश विश्वकर्मा सहित तीन मजदूर उसके नीचे दब गए। पास में खड़ी क्रेन की मदद से तीनों को बाहर निकालकर मुरादाबाद ले जाया गया, जहां उमेश विश्वकर्मा (41) को मृत घोषित कर दिया गया। दूसरे घायल मजदूर विजेंद्र का इलाज चल रहा है।
सूचना पर एएसपी देहात रामअर्ज के नेतृत्व में सर्किल के सभी थानों की पुलिस मौके पहुंची और घटना की जानकारी ली। युवक के साले जुगनू ने बताया कि सोमवार को पैनल के नीचे लगी सपोर्ट को सुपरवाइजर तेजप्रताप ने कटवा दिया था। इसकी जानकारी मजदूरों को नहीं थी, जिससे यह हादसा हुआ। जुगनू की ओर से सुपरवाइजर तेजप्रताप व निर्माण कार्य में लगी कुशवाहा इंजीनियरिंग कंपनी के विरुद्ध तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष नीरज शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
निर्माणाधीन मिल में मजदूरों की सुरक्षा रामभरोसे
निर्माणाधीन शुगर मिल में 200 से अधिक मजदूर काम कर रहे हैं। अधिकांश मजदूर बाहरी जनपदों से हैं। कई मजदूरों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि काफी ऊंचाई तक लोहे के गार्डर आदि रखने का काम किया जा रहा है। मिल में कोई हादसा होने पर फर्स्ट एड तक की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा कोई बीमार हो जाए अथवा चोटिल हो जाए तो उसे ले जाने के लिए एंबुलेंस भी नहीं है। मिल में मजदूरों की सुरक्षा राम भरोसे है।