बिजनौर। नूरपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स के साथ अस्पताल के ही लैब टैक्नीशियन ने दुष्कर्म का प्रयास किया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपी अभी तक फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उधर अस्पताल प्रबंधन ने आरोपी को नौकरी से निकाल दिया है।
शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर नूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया कि नूरपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स है। आठ नवंबर की शाम वह अस्पताल में ही काम कर रही थी। इसी बीच लैब में काम करने वाले राहुल चौहान निवासी चांदपुर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने आरोपी उसे छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। आरोप है कि वह पहले भी अश्लील फब्तियां कस चुका है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उस पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।
शहर कोतवाल ने बताया कि अस्पताल की नर्स ने छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। उधर अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई। उसे अस्पताल की नौकरी से निकाल दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन पीड़िता के साथ है और उसकी कानूनी मदद भी की जाएगी।