- गांव की सड़कों पर बह रहा तीन से चार फीट पानी, लोगों में दहशत
- तेज बहाव में सड़क कटी, नंदगांव का शेरकोट से संपर्क कटा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट (बिजनौर)। पहाड़ों पर हो रही तेज बारिश से खो नदी का जलस्तर बढ़ गया। गांव नंदगांव, नाथाडोई, नयागांव और शेरकोट के मोहल्ला फतेहनगर के मार्गों पर नदी का पानी पहुंच गया है। पानी की तेज धार से गांवों का संपर्क मार्ग भी कट गया है। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। गांव की सड़कों पर तीन से चार फीट पानी बह रहा है।
नंदगांव में मंगलवार रात खो नदी का पानी करीब 10 मीटर दूर रह गया था। जबकि बुधवार को पानी गांव में घुस गया। तेज बहाव में गांव का संपर्क मार्ग कट गया। नदी के उफान को कम करने के लिए सभी 12 गेटों को उठा दिया गया है। बुधवार तीन बजे तक नदी में करीब 89,625 क्यूसेक पानी बह रहा था। गांव हादकपुर, तिपरजोत, पालकी एमन, उमरपुर आशा के जंगलों में पानी के जमा होने से किसानों की हजारों हेक्टेयर में फसल डूबने से बर्बाद हो गई है। खादर क्षेत्र के लोगों में बाढ़ को लेकर दहशत है।
नंदगांव मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के पास से लेकर शेरकोट तक सड़क पर पानी ही पानी नजर आ रहा है। जिससे नंदगांव का शेरकोट से संपर्क कट गया है। लोगों ने कहा कि यदि समय से बाढ़ बचाव कार्य हुए होते तो परेशानी न होती। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, एसडीएम मोहित कुमार ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करना चाहा, लेकिन मार्गों पर पानी अधिक होने के कारण अधिकारी गांवों तक नहीं जा सके। एडीएम ने लोगों को सतर्क रहते हुए संयम बनाने की अपील की। इस दौरान अधिशासी अभियंता अफजलगढ़ सिंचाई खंड धामपुर राकेश कुमार, सहायक अभियंता नवरत्न सिंह, सतपाल सिंह, जेई नवीन शर्मा, हरवीर सिंह, राकेश भारद्वाज, मनोज पाल, हरीश तिलाड़ा आदि मौजूद रहे।