-जिलेभर में मनाया गया स्वच्छता पखवाड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। गंगा बैराज पर प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल की अगुवाई में गंगा तट की सफाई की गई। नुमाइश ग्राउंड में पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह के नेतृत्व में अभियान चला। ईओ पालिका विकास कुमार, स्टाफ ने श्रमदान किया। वहीं प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के कार्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों ने श्रमदान का सफाई की।
कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल 10 बजे गंगा बैराज पर पहुंचे। एक तारीख एक घंटा स्वच्छता के लिए श्रमदान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी श्रम आयुक्त मार्केंडेय शाही, डीएम अंकित कुमार अग्रवाल, सीडीओ पूर्ण बोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी आदि उपस्थित रहे। उधर, भाजपा विधानसभा बिजनौर कार्यकर्ताओं ने शहर के मोहल्लों में संपर्क अभियान चलाया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, विनय राणा, कृष्ण डबास, रोबिन चौधरी, संगीता अग्रवाल, राहुल चौधरी आदि रहे।
प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक बिजनौर के क्षेत्रीय कार्यालय पर वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक राजेन्द्र सिंह के अगुवाई में दिनेश कुमार, प्रबंधक जगदीश चंद्र सरकार, डॉ. जितेन्द्र कुमार, विनीत कुमार, अभिषेक कुमार, रजत पंवार श्रमदान किया।
शिक्षण संस्थानों में चला साफ सफाई अभियान
वीकेआईटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। श्रमदान कार्यक्रम जजी से शास्त्री चौराहा के मध्य आयोजित किया गया। शुभारम्भ बिजनौर के मुख्य न्यायाधीश मदनपाल, नगर पालिका अध्यक्ष इन्द्रा सिंह, संस्थापक अशोक कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया। समाज सेविका आभा सिंह ने अपने फाउंडेशन के सदस्यों और फादरसन पब्लिक स्कूल चांदपुर के छात्रों के साथ चांदपुर तहसील परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। एसडीएम रितु रानी ने तहसील स्टाफ के साथ तहसील परिसर में अपने हाथों से सफाई कर अपना पूरा योगदान दिया।
राजकीय बालिका इंटर काॅलेज बिजनौर की छात्राओं ने प्रधानाचार्या डॉ. निर्मला शर्मा के निर्देशन में स्वच्छता जागरुकता रैली निकाली। सड़कों की प्लास्टिक इकट्ठा की। एचएम पब्लिक स्कूल में स्वच्छता ही सेवा श्रमदान के तहत सफाई अभियान चलाया।